इन दिनों देश में आम चुनाव चल रहा है। अब तक पांच चरणों के वोटिंग हो चुके हैं। आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को होने वाले वोटिंग से पहले राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वोटरों को लामबंद करने के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं और विरोधियों के विरुद्ध बयानबाजी का दौर जारी है। इसी क्रम में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ओडिशा के संबलपुर में एक सभा को संबोधित किया। शाह ने कहा कि ये चुनाव देश को समृद्ध, सुरक्षित और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।
पांच चरणों में मोदी जी 310 सीटें पार कर गए हैं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूरे देश में पांच चरण के चुनाव खत्म हो चुके हैं। इन पांच चरणों में मोदी जी 310 सीटें पार कर गए हैं, अब छठे और सातवें चरण में आपको मोदी जी को 400 पार कराना है। देश भर के मतदाताओं के लिए सिर्फ 400 पार का लक्ष्य है।
अमित शाह ने क्या कहा?
अमित शाह ने कहा कि मगर मेरे ओडिया भाइयों को इसके साथ-साथ विधानसभा में भी 75 से ज्यादा सीटों पर कमल खिलाना है। ये चुनाव देश को समृद्ध, सुरक्षित और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। वहीं, दूसरी ओर ओडिशा को समृद्ध करने और ओडिया भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के सम्मान को फिर से प्रस्थापित करने का चुनाव है।
ओडिशा के आदिवासी घर की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया
अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने हमेशा ओडिया भाषा और संस्कृति का गौरव बढ़ाने का काम किया। उन्होंने हमारे ओडिशा के गरीब और आदिवासी के घर की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर समग्र ओडिशा का सम्मान करने का काम किया है। हम ऐसा ओडिशा बनाना चाहते हैं, जिसमें किसी युवा को अपना परिवार छोड़कर किसी अन्य राज्य में मजदूरी करने न जाना पड़े। उसे अपने प्रदेश में ही काम मिल जाए।