उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजहर के रूप में हुई है। आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अजहर से अवैध शस्त्र, गौमांस और एक कार बरामद भी बरामद किए हैं। यह मामला सोमवार (21 अप्रैल 2025) का है।
यह घटना नई मण्डी थाना क्षेत्र के बागोवाली इलाके की है। जब पुलिस की टीम बागोवाली क्षेत्र में संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने तेज़ी से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया, और बदमाशों द्वारा कार को कच्चे रास्ते पर मोड़ने के चलते वह खेतों में जा फंसी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल आरोपी अजहर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध शस्त्र, गौमांस और एक कार बरामद की है, जिसका उपयोग गौतस्करी में किया जा रहा था। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए कांबिंग अभियान जारी है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रूपाली राव एवं प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।