भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर आज भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश के साथ दिल्ली भाजपा के सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री एवं सांसद योगेंद्र चंदोलिया, महामंत्री विष्णु मित्तल, सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय, रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर हर्ष वर्धन सहित भाजपा के नव निर्वाचित विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा ने पुष्पांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
वी. सतीश ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व इतना बड़ा था कि उनके नज़दीक मात्र आने से लोगों में एक चारित्रिक परिवर्तन होना स्वाभाविक था। 1925 में जब संघ की स्थापना हुई तो उस वक्त ज़्यादा लोगों को पता नहीं था लेकिन आज अगर हम कम्युनिस्ट पार्टी को या उसके विचार को देखते हैं तो शायद उसे माइक्रो स्कोप से देखने की ज़रूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा था कि राह से ना डगमगा कर हम जिस रास्ते पर चलेंगे वही रास्ता होगा।
वी. सतीश ने कहा कि दीनदयाल जी का विचार टुकड़ों में नहीं था क्योंकि वह एकता की बात करते थे और इसी को उन्होंने आगे बढ़ाया। नॉन कांग्रेस की शुरुवात उनके द्वारा की गई थी और फिर श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपाई जी के वक्त एन.डी.ए. का प्रयोग किया जो आज तक सफल रहा।
हर हाथ को काम और हर खेत को पानी का नारा उन्होंने दिया और फिर अंत्योदय के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी योजनाओं के माध्यम से इसको पूरे देश भर में लागू किया। आज भारत जिस प्रकार से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार कहा है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में तैयार किया जा रहा है यह भी दीनदयाल उपाध्याय जी का विचार था।
आज दिल्ली में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। जिस झुग्गी में बैठना मुश्किल है वहाँ लोग रहते हैं और जो गंदा पानी महकता है उसे लोगों को पीना पड़ता है इसलिए हमें इन चुनौतियों पर विजय प्राप्त करने की जरूरत है। अंत्योदय के विचार को दिल्ली में भी अप्लाई करके दीनदयाल उपाध्याय जी को हम सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। प्रदेश मंत्री किशन शर्मा ने पुष्पांजलि कार्यक्रम के अंत में वी. सतीश का उनके सम्बोधन के लिए उपस्थित कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।