दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने सातों सीटें भाजपा को देकर अपना आशीर्वाद जताया है। उन्होंने केजरीवाल के भ्रष्टाचार का जवाब दिया है।
यह चुनाव दो नाकाम पार्टियों का गठबंधन था जिन्होंने मिलकर अपने स्वार्थ के लिए लड़ा और इसलिए उनकी हार मायने रखती है। दिल्ली की जनता ने बताया कि वह सही के साथ है भ्रष्टाचारियों के साथ नहीं। दिल्ली में एक ऐसे सरकार है जो सिर्फ जेल से बेल का खेल खेल रही है। प्रेस वार्ता में वे स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि उनके ऊपर 201 केस हुए हैं। जिस वक्त दिल्ली कराह रही थी,कोरोना में पूरी तरह से परेशान थी और गैस सिलेंडर के लिए तरस रही थी उस वक्त केजरीवाल सरकार शराब घोटाले करने के लिए नीति बनाने में व्यस्त थी।
मुख्यमंत्री ने कोविडकाल में अपने लिए आलीशान 50 करोड़ से अधिक का बंगला बना कर दिल्ली को शर्मसार किया। सचदेवा ने कहा की दिल्ली की जनता आज एक एक बूंद पानी के लिए तरस रही है। नल से जल देने का वायदा करने वाली दिल्ली सरकार केजरीवाल सरकार टैंकर माफियाओं के हाथों बिकी हुई सरकार है। जलबोर्ड में बड़े घोटाले करने के अलावा दिल्ली सरकार की घोटालों की लंबी फेहरिस्त है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं से आवाहन किया और कहा कि जितनी मेहनत हमने लोकसभा में की है उससे चार गुना मेहनत करके दिल्ली की भ्रष्टाचार में संलिप्त केजरीवाल सरकार को दिल्ली से उखाड़ कर फेंकने का काम हमें करना है।