इनपुट- श्वेता सिंह, लखनऊ, twitter- @shwetamedia207
उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिकारी/कर्मचारी महिला संगठन के बैनर तले नगर निगम मुख्यालय अंतर्गत एक वृहद बैठक आहूत की गई। संगठन की चौथी विशेष बैठक को सफल बनाने हेतु सैकड़ों महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अम्बी बिष्ट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई इस बैठक में तमाम अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
सर्वप्रथम बैठक में संगठन को गति प्रदान करने एवं महिलाओं के हितार्थ कार्य किये जाने पर चर्चा की गई।इसके लिए अगली होने वाली बैठक में संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा किये जाने का निर्णय लिया गया।इसके अतिरिक्त बैठक में आई महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उसके निस्तारण की रणनीति भी तैयार की गई।जिससे कि प्रत्येक महिला कर्मचारियों की समस्याओं को त्वरित रूप से निस्तारित कर उनको सहूलियत प्रदान की जा सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अम्बी बिष्ट ने कहा कि इस संगठन का उद्देश्य महिला कर्मचारियों/अधिकारियों का उत्थान करना है।इस लिए संगठन से जुड़ी प्रत्येक महिला चाहे वो कर्मचारी हो या अधिकारी सभी एक समान है।उन्होंने कहा कि यहां कोई भी छोटा या बड़ा नहीं बल्कि सभी बराबर के हैं और किसी मे कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।साथ ही उन्होंने संगठन को गति प्रदान करने व इसके उद्देश्य को बेहतरी के साथ समझाने के लिए "महिला का सम्मान, माँ का सम्मान" स्लोगन भी जारी किया है। इस अवसर पर नगर निगम की तमाम महिला अधिकारी एवं कर्मचारी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहीं।