उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम से फोन करके अधिकारियों को धमकाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, ये आरोपी मुख्यमंत्री की फर्जी मुहर का इस्तेमाल कर वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भी भेजता था और फोन कर बोलता था कि "हैलो... गोरखपुर मठ से बोल रहा हूं, माननीय मुख्यमंत्री जी के जनता दर्शन कार्यक्रम में आए शिकायती पत्र को प्रेषित किया गया है, इस पत्र के पक्ष में कार्य करें, महाराज जी का आदेश है।"
इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने बताया कि संभल कोतवाली पुलिस ने नागेंद्र, सुधीर और राजू नामक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये लोग मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी फोन कॉल्स करके अधिकारियों को धमकाते थे और मुख्यमंत्री कार्यालय की नकली मुहर लगाकर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन भेजते थे।
एसपी ने आगे कहा कि यह गिरोह गोरक्षपीठ मठ के अधिकारियों के नाम से भी फोन करता था। जांच में यह सामने आया है कि इस गिरोह ने राज्य के राजस्व विभाग के 33 अधिकारियों और 36 पुलिस अधिकारियों को धमकाने की कोशिश की थी। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि यह पता किया जा रहा है कि गिरोह ने कितने और अधिकारियों या अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया।
अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह ने पब्लिक डोमेन से दस्तावेजों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया था। संभवत: यह गिरोह ऐसी वेबसाइटों से दस्तावेज उठाकर अपनी फर्जी कॉल्स को अंजाम दे रहा था।