मध्य प्रदेश के सतना जिले में गौमाताओं को उफनती नदी में धकेलने का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में कुछ लोग गौमाताओं को नदी में खदेड़ते दिख रहे थे। इनमें से कई की मौत भी हो गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने पहचान करने के बाद एक नाबालिग सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के विधानसभा क्षेत्र का है।
सतना में 50 से अधिक गायों को उफनती नदी में हांके जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया। नागौद पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत हुई इस घटना में करीब गायों की मौत हो गई है। नागौद पुलिस थाना प्रभारी अशोक पांडे ने बताया कि, "मंगलवार शाम बमहोर समीप रेलवे पुल के नीचे कुछ लोगों ने गायों को टमस नदी में हांक दिया, जिसका एक वीडियो सामने आया है। इस पर संज्ञान लेते हुए एक पुलिस दल को मौके पर भेजा गया और मामला दर्ज किया गया है।"
यह घटना भोपाल से लगभग 515 किमी दूर नागौद क्षेत्र के नदी किनारे बम्हौर गांव की है। जहां मंगलवार दोपहर 3 बजे के आस पास इस घटना को अंजाम दिया गया। वायरल वीडियो में गायें बाढ़ के पानी में संघर्ष करती दिख रहीं हैं, कुछ डूबने के कारण तड़प भी रही हैं। घटना के अगले दिन सोशल मीडिया पर इसका वीडीयो सामने आया। वीडियो बनाने वाले ग्रामीण ने पुलिस में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई, जिसने मध्य प्रदेश के गोरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद चारों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी अशोक पांडे ने बताया कि 4 लोगों की पहचान बेटा बागरी, रवि बागरी, रामपाल चौधरी और राजलू चौधरी के रूप में की गई है।मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। यह कानून राज्य में गायों की हत्या को रोकने के लिए है। वहीं, भारतीय न्याय संहिता के तहत भी केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि, घटना मंगलवार दोपहर में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 50 गायें थीं। बचाव अभियान चला कर गायों को बचाया गया। इसमें से 15-20 की मौत हो गई।