हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। सीएम सैनी ने कहा कि, 'दिल्ली सरकार की आदत सिर्फ झूठ बोलने और दूसरों पर दोषारोपण करने की है। उनकी आदत बन गई है कि वे अपने अलावा हर किसी में कमियां निकालते हैं। हरियाणा से दिल्ली को सप्लाई किए जाने वाले पानी का बीओडी लगभग 2-3 मिलीग्राम प्रति लीटर है। इसके अलावा सीएलसी नहर से दिल्ली को मिलने वाले पानी का बीओडी शून्य के बराबर है।'
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगे कहा कि, 'मैं दिल्ली सरकार से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली सीमा से लेकर ओखला तक जो 28 नालों का गंदा पानी यमुना में गिरता है। उसके प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार है। दिल्ली सरकार को बताना चाहिए कि उसे केंद्र सरकार से यमुना की सफाई के लिए यमुना एक्शन प्लान के नाम पर छह हजार करोड़ रुपये मिले थे, दिल्ली सरकार ने उस पैसे का क्या किया। पिछले दो साल में ही 3 हजार करोड़ रुपये मिले हैं।' उन्होंने कहा कि, 'दूसरों पर आरोप लगाना और दूसरे के पैसे से अपना महल बनाना दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की परंपरा बन गई है। जिसमें वह सिर्फ अपना फायदा देखती है। उन्हें जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।'
पैसों का इस्तेमाल नहीं करने का लगाया आरोप
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के आरोपों पर पलटवार करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि, 'जब आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता में आई थी तो उन्होंने वादा किया था कि हम यमुना को साफ रखेंगे। लेकिन, केंद्र सरकार यमुना एक्शन प्लान के तहत दिए गए पैसे का इस्तेमाल तक नहीं कर पाई।
सीएम सैनी ने आगे कहा कि, 'दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए। यह सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. आप सरकार सिर्फ झूठ का तूफान खड़ा करती है और लोगों को गुमराह करने का काम करती है। लेकिन, अब उनका मुखौटा उतर गया है।'