इस साल की अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू हो गई है। जिसके लिए देशभर से श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे है। यात्रा शुरु होने में महज तीन दिन ही हुए हैं मगर शिवभक्तों का उत्साह अभी से चरम पर है। पवित्र गुफा के दर्शन के लिए हर रोज हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि यात्रा के तीसरे दिन कुल 23437 तीर्थयात्रियों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। जिससे तीन दिनों में ही तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 51,000 के पार पहुंच गई। ये संख्या लगातार बढ़ती देखी जा रही है।
सोमवार को आधार शिविर जम्मू के भगवती नगर से 6461 भक्तों का जत्था पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुआ। बीते तीन दिनों से यहां से लगभग 6 हजार यात्रियों का जत्था जा रहा है। यात्रा अपने पारंपरिक रूट पहलगाम और बालटाल से की जा रही है। जम्मू से बालटाल के लिए खाना हुए यात्रियों में 1628 पुरुष, 525 महिलाएं, 7 बच्चे व 161 साधु- साधवियां जत्थे में शामिल हैं। वहीं पहलगाम के लिए 3203 पुरुष, 698 महिलाएं, 7 बच्चें. 187 साधु और 45 साधवीयां हैं।
समस्या पर भारी श्रद्धा
जम्मू में पिछले दो दिनों से सुबह की बारिश के बाद उमस लोगों को परेशान कर रही है। पर इससे यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही। श्रद्धालु अपने तत्काल पंजीकरण के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन के पास टोकन लेने के लिए देर रात से ही पहुंच रहे हैं। इस दौरान अमरनाथ यात्रा में खलल डालने के लिए कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की मंशा से रियासी जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर धरमाड़ी में एक शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आयी है।