केंद्र सरकार ने गुरुवार (24 अप्रैल 2025) को सभी राज्यों को निर्देश दिया कि पाकिस्तानी नागरिकों के 14 श्रेणियों में जारी सभी वैध वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए जाएं। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर यह संदेश पहुंचाया और यह भी कहा कि 26 से 29 अप्रैल 2025 के बीच सभी अवैध विदेशी नागरिकों को भारत छोड़ने के निर्देश दिए जाएं।
गृह मंत्रालय के निर्देश मिलते ही राज्यों ने अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया। भाजपा शासित राज्यों में यह अभियान और भी तेजी से चलाया गया। गुजरात के अहमदाबाद में विशेष रूप से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 400 से अधिक संदिग्ध प्रवासियों को हिरासत में लिया।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राजियन ने बताया कि एसओजी, ईओडब्ल्यू, जोन 6 और मुख्यालय की टीमों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे 400 से अधिक विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।
सूरत पुलिस की एसओजी और क्राइम ब्रांच टीम ने भी छापेमारी कर शहर के विभिन्न इलाकों से 100 से ज्यादा अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों और भारत में घुसपैठ के तरीकों की जांच की जा रही है।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के जेसीपी शरद सिंघल ने जानकारी दी कि चंडोला क्षेत्र समेत कई जगहों से कुल 457 अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया है। पहले भी दो एफआईआर दर्ज कर 127 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से 70 को पहले ही वापस भेजा जा चुका है। हिरासत में लिए गए अधिकांश प्रवासियों के पास फर्जी भारतीय दस्तावेज पाए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन्हें यह दस्तावेज किसकी मदद से मिली है।