हरियाणा में सरकार बनने के बाद अब मंत्रालयों का भी बंटवारा हो गया है। रविवार देर रात अलग-अलग मंत्रियों को उनके विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गृह और वित्त मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं।
पोर्टफोलियो वितरण के तहत अनिल विज को ऊर्जा, परिवहन और श्रम विभाग दिया गया है। वहीं, श्रुति चौधरी को महिला एवं बाल विकास और सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा आरती राव को स्वास्थ्य विभाग, राव नरबीर को उद्योग एवं पर्यावरण विभाग और अरविंद शर्मा को जेल विभाग दिया गया है।
ये विभाग भी CM के पास
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, गृह और वित्त विभाग के अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आबकारी एवं कराधान, योजना, नगर एवं ग्राम नियोजन और शहरी संपदा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति, न्याय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, सभी के लिए आवास, आपराधिक जांच (CID), कार्मिक एवं प्रशिक्षण तथा कानून एवं विधायी विभाग भी अपने पास रखे हैं।
किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग
- कृष्ण लाल पंवार को विकास एवं पंचायत विभाग के साथ खान और भूविज्ञान विभाग भी दिया गया है।
- महिपाल महिपाल ढांडा को स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, संसदीय कार्य मंत्रालय दिया गया है।
- विपुल गोयल को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और सिविल एविएशन मंत्रालय दिया गया है।
- श्याम सिंह राणा को कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन और डेयरी विभाग के साथ मत्स्य मंत्रालय दिया गया है।
- रणबीर गंगवा को सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग और लोक निर्माण विभाग दिया गया है।