इस समय देश के कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबा का क्षेत्र अब अवदाब में बदल चुका है। इसके चलते आने वाले तीन दिनों में ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने ओडिशा के पांच जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को 11 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। IMD ने अवदाब कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश), गोपालपुर (ओडिशा) और दक्षिण दीघा (पश्चिम बंगाल) के मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक,यह अवदाब का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक पुरी और दीघा के बीच तटों को पार कर लेगा। इसके बाद अगले दो दिनों में यह झारखंड और इससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। ऐसे में यहां बारिश हो सकती है। ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। इससे राज्य के कोरापुट जिले के कुंद्रा और बोइपरिगुडा ब्लॉक सबसे अधिक प्रभावित हुए है। जानकारी के मुताबिक दोनों ब्लॉक के निचले इलाके जलमग्न है। यहां फसलें पानी में डूब गई हैं। इसके अलावा सड़क के ऊपर से पानी बहने के कारण कुंद्रा प्रखंड का दीघापुर से संपर्क टूट गया है। अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए मचकुंड बांध के दोनों गेट खोल दिए गए हैं।
इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने इन राज्यों में अलर्ट जारी किया है। IMD ने गंजम, कोरापुट, कंधमाल, बोलांगीर, बारगढ़, बौध, सोनपुर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, संबलपुर, अंगुल और नयागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और विभाग को तैयारी करने के लिए भी कहा है। इसके अलावा गजपति, रायगड़ा, मलकानगिरी, नबरंगपुर, कालाहांडी, नुआपाड़ा, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, देवगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर और भद्रक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।