संभल के गुन्नौर क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की सोमवार को हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें जहर का इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब गुलफाम सिंह यादव दोपहर करीब एक बजे अपने गांव दफ्तरा हिंमंचल स्थित घेर में चारपाई पर बैठे हुए थे।
बाइक सवार हमलावरों ने दिया जहर का इंजेक्शन
गुलफाम सिंह यादव के पास बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे, और उनमें से एक ने उन्हें पेट में जहर का इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। परिवार के सदस्य उन्हें तत्काल जुनावई के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। उपचार के लिए जब उन्हें अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में उनकी मौत हो गई।
राजनीति में 3 दशकों तक सक्रिय रहे गुलफाम सिंह
करीब 65 वर्षीय गुलफाम सिंह यादव तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय थे। उन्होंने 2004 में गुन्नौर विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसके अलावा, वह पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रहे।
BJP के विभिन्न पदों पर रहे गुलफाम सिंह यादव
गुलफाम सिंह यादव भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, आरएसएस के जिला कार्यवाह और भाजपा के महामंत्री पद पर भी रह चुके थे। उनकी पत्नी जावित्री देवी तीन बार लगातार गांव की प्रधान चुनी गईं, और 2019 में उनके पुत्र दिव्य प्रकाश यादव जुनावई ब्लॉक के प्रमुख बने।