दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम अब सामने आने लगे हैं। रुझानों के मुताबिक, दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के लिए खुशखबरी है। 27 वर्षों के बाद भाजपा को सत्ता में वापसी का मौका मिल सकता है। वहीं, तीन बार सत्ता में रही आम आदमी पार्टी (AAP) को इस बार सरकार से बाहर रहना पड़ेगा।
क्या है बहुमत का आंकड़ा?
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सुबह 11 बजे तक भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलते हुए दिखाई दे रहा है। भाजपा 45 सीटों पर आगे है, जबकि बहुमत के लिए 36 सीटें चाहिए थीं। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी को 25 सीटों पर बढ़त मिली हुई है, लेकिन सरकार बनाने के लिए पर्याप्त नहीं है।
BJP के मुख्यमंत्री उम्मीदवार
भाजपा के बहुमत हासिल करने के बाद अब दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों की चर्चा तेज हो गई है। कई नाम ऐसे हैं जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में हैं। आइए जानते हैं, कौन से नेता भा.ज.पा. के मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं।
CM पद की दौड़ में ये नेता शामिल
1. विजेंद्र गुप्ता (विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, रोहिणी से उम्मीदवार)
2. रेखा गुप्ता (शालीमार बाग से उम्मीदवार)
3. दुष्यंत गौतम (भा.ज.पा. के राष्ट्रीय महामंत्री, करोलबाग से उम्मीदवार)
4. वीरेंद्र सचदेवा (दिल्ली प्रदेश भा.ज.पा. अध्यक्ष)
5. प्रवेश वर्मा (पूर्व सांसद, नई दिल्ली से उम्मीदवार)
6. मनोज तिवारी (सांसद और पूर्वांचल समुदाय के बड़े नेता)
7. आशीष सूद (जनकपुरी से उम्मीदवार)
दिल्ली में ‘डबल इंजन’ की सरकार: वीरेंद्र सचदेवा
भाजपा की सफलता पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जनता से बेईमानी करती है, तो वही जनता इस तरह का परिणाम देती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी।
सचदेवा ने आगे कहा, "हम रुझानों का स्वागत करते हैं, लेकिन हमें नतीजों का इंतजार है। लोगों ने इस चुनाव में भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट किया है। यह चुनाव भाजपा के सुशासन बनाम आप के कुशासन पर आधारित था। आप के बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आतिशी आज हारने वाले हैं, क्योंकि वे भ्रष्टाचार के प्रतीक बन चुके हैं।"