बिहार के दरभंगा जिले में दुर्गा मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। जब श्रद्धालु दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना कर अपने घर लौट रहे थे। अचानक एक घर की छत से पत्थर फेंके जाने लगे, जिससे वहां भगदड़ का माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक घर की छत से कई लोग पत्थर फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। पत्थरों के कारण महिला श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने लगे। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया गया है। ये घटना रविवार (30 मार्च 2025) की है।
ये घटना कुशेश्वरस्थान प्रखंड के केवटगामा पंचायत के पछियारी गांव की है। जब श्रद्धालु दुर्गा मंदिर से शोभायात्रा कर रहे थे, तो रास्ते में कुछ आवारा मुर्गा और मुर्गियां सामने आ गईं। इससे श्रद्धालु भयभीत हो गए और कई पक्षी इधर-उधर भागने लगे। इस पर कुछ लोग यह सवाल उठाने लगे कि पक्षियों को क्यों डराया गया। इस विवाद को लेकर फिर पथराव शुरू हो गया।
गांव में तनाव बढ़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में किया। कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर और बिरौल थाने की पुलिस टीम गांव में पहुंची और शांति बनाए रखने की कोशिश की। इस घटना के बाद पुलिस अब दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
आरोप है कि मोहम्मद अलाउद्दीन के घर की छत से पत्थर फेंके गए थे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने कहा कि स्थिति अब सामान्य है। इस घटना की गंभीरता को रोका गया है और मामले की जांच जारी है।