दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने घोषणा की है कि दिल्ली भाजपा का संगठनात्मक पुनर्गठन कार्यक्रम, जिसे वे 'संगठन पर्व' के रूप में देख रहे हैं, आगामी सप्ताह से शुरू होगा। इस पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक संरचना में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
सचदेवा ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने दिल्ली के लिए महेंद्र नागपाल को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही दो सह चुनाव अधिकारी डॉ. योगेश आत्रेय और विजय सोलंकी को भी जिम्मेदारी दी गई है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने यह भी कहा कि भाजपा एक सामूहिक नेतृत्व वाली पार्टी है, लेकिन इसके साथ ही हम पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र को सुनिश्चित करते हुए हर कार्यकर्ता को संगठनात्मक संरचना से जुड़ने का अवसर देते हैं।
सचदेवा ने आगे बताया कि इस संगठनात्मक संरचना प्रक्रिया के तहत कार्यकर्ताओं को बूथ समिति, मंडल समिति, जिला समिति से लेकर प्रदेश समिति तक चुनाव का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, जहां कार्यकर्ता चाहेंगे, वहां समन्वय से समिति गठन की प्रक्रिया भी लागू की जाएगी।