बिहार के मुंगेर जिले स्थित मुफस्सिल थाना में तैनात एएसआई संतोष कुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू यादव के रूप में की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की गाड़ी पलटने के बाद हुआ एनकाउंटर
गुड्डू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जब पुलिस उसे लेकर जा रही थी, तब पुलिस की गाड़ी पलट गई। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई। एनकाउंटर से पहले पुलिस की गाड़ी एक आम के पेड़ से टकराई, जिससे गाड़ी का हूटर टूट गया और गाड़ी का आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
एनकाउंटर की जरूरत पड़ी, तो हम करेंगे-डिप्टी CM विजय सिन्हा
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पुलिसकर्मी की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "यह घटना दुखद है, सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। हम सुशासन के लिए सत्ता में हैं और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। प्रशासन पर कोई हमला नहीं कर सकता। हम अपराधियों को उनके ही तरीके से समझाएंगे। यदि एनकाउंटर की जरूरत पड़ी, तो हम करेंगे।"
बिहार के मंत्री प्रेम कुमार ने संतोष कुमार सिंह की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "बिहार में कानून का राज है। जनता के सेवक को मार दिया गया। हत्यारे बख्शे नहीं जाएंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" वहीं, कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, "बिहार में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है, और बीजेपी तथा एनडीए इसके जिम्मेदार हैं। बीजेपी सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए माहौल को बिगाड़ने का काम करती है।"
मुंगेर के डीआईजी राकेश कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम पर कहा, "एएसआई संतोष कुमार विवाद सुलझाने के लिए गए थे, लेकिन एक पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई की जान चली गई। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में पुलिस के साथ ऐसी घटनाएं न घटें। पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग करके गुड्डू यादव को गिरफ्तार किया।"
क्या था पूरा मामला?
संतोष कुमार सिंह शुक्रवार को एक शिकायत मिलने के बाद विवाद सुलझाने के लिए मुंगेर के नंदलालपुरा इलाके में गए थे। वहां दो परिवारों के बीच झगड़ा हो रहा था। संतोष कुमार ने अपनी टीम के साथ दोनों पक्षों से बात की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और किसी अज्ञात व्यक्ति ने एएसआई संतोष कुमार पर तेज धार वाले हथियार से सिर पर हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई।