हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी सूची में 21 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। दो मुस्लिम कैंडिडेट्स को भी टिकट दिया गया है। दूसरी सूची के साथ, भाजपा ने हरियाणा की 90 में से 88 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। पहली सूची में 67 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। अभी और दो सीटों पर घोषणा होनी बाकी है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा और जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल के टिकट रद्द कर दिए गए हैं। जुलाना में कैप्टन योगेश बैरागी को कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट के खिलाफ टिकट दिया गया है।
कौन कौन है मैदान में
पार्टी की ओर से नारायणगढ़ से पवन सैनी, पुंडरी से सतपाल जांबा, असंध से योगेन्द्र राणा, गन्नौर से देवेन्द्र कौशिक, बरौदा से प्रदीप सांगवान, नरवाना से कृष्ण कुमार बेदी, राई से कृष्ण गहलावत, डबवाली से बलदेव सिंह मांगियाना, ऐलनाबाद से अमीर चंद मेहता, रोहतक से मनीष ग्रोवर, नारनौल से ओम प्रकाश यादव, नूंह से संजय सिंह, फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद, बावल से कृष्ण कुमार, पटौदी से बिमला चौधरी, पुन्हाना से एजाज खान, हथिन से मनोज रावत, होडल से हरिंदर सिंह रामरतन, बड़खल से धनेश अधलखा को टिकट मिला है।