राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2025 के पद्म पुरस्कारों से देश की प्रमुख विभूतियों को सम्मानित किया है। सोमवार (28 अप्रैल 2025) को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I के दौरान तेलंगाना के प्रसिद्ध गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. दुव्वुर नागेश्वर रेड्डी को उनके एंडोस्कोपी में किए गए अद्वितीय नैदानिक सुधार और अग्रणी चिकित्सा अनुसंधान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय स्टेट बैंक की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य और प्रमुख उद्योगपति पवन कुमार गोयनका को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा।
तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्णा और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

प्रसिद्ध वायलिन वादक एल. सुब्रमण्यम और सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व प्रमुख ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से नवाजा गया।
मलयालम साहित्यकार और फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को सोमवार को पद्म भूषण पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में श्रीजेश को दिया। श्रीजेश को यह पुरस्कार उनके खेल के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया है। 2025 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने की थी, जिसमें श्रीजेश का नाम भी सम्मिलित था।