उत्तर प्रदेश के जौनपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ ईडी ने बड़ा एक्शन लिया है। बाबू सिंह कुशवाहा की करोड़ों की भूमि को ईडी ने जब्त कर लिया है। ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रनिंग मामले में की है। ईडी की टीम साथ ही यहां अवैध निर्माण तोड़ने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंची है। बता दें कि, सपा सांसद राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन घोटाले के आरोपी रहे है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा घोटाले के वक्त यूपी में परिवार कल्याण मंत्री थे। इस मामले में वह 4 साल तक जेल में भी बंद रहे थे।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के लिए बता दें कि, सपा नेता बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ ईडी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जांच कर रही है। इसके अलावा ईडी ने आय से अधिक संपत्ति का भी मामला दर्ज किया है। जांच पड़ताल में ईडी को पता चला था कि कुशवाहा ने घोटालों की रकम से कई बेनामी संपत्ति बनाई है। ऐसे में उन सभी संपत्तियों का पता लगाया था। इसी में से वह एक संपत्ति कानपुर रोड स्थित जमीन भी थी। इसे कुशवाहा ने विंध्य शक्ति सीमेंट कंपनी के नाम से खरीदा था। ईडी ने जांच में पाया था कि सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने उप्र श्रम निर्माण एवं सहकारी संघ लिमिटेड में भ्रष्टाचार कर कमाई गई अरबों की रकम को बेनामी संपत्तियों में लगाया था। ईडी ने अपनी जांच में पाया कि बहुत सी संपत्तियां बाबू सिंह कुशवाहा के परिवार और कुछ उनके करीबियों के नाम पर है। ईडी अब तक करीब ढाई सौ करोड़ की संपत्ति सीज कर चुकी है।