दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। राजधानी की सभी 70 सीटों पर चल रही वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान दिल्ली के 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और करीब 700 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। वहीं नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
मुस्तफाबाद, सीलमपुर, संगम विहार में सबसे ज्यादा वोटिंग
दिल्ली में सुबह 11 बजे तक हुई वोटिंग की जानकारी सामने आ गई है। बताया जा रहा है कि मुबारकपुर, मुस्तफाबाद, संगम विहार और सीलमपुर में सबसे ज्यादा वोटिंग हो रही है।
कहां कितनी हुई वोटिंग
> दिल्ली में सुबह 11 बजे तक 19.59% वोटिंग हो चुकी है।
> मुस्तफाबाद में सुबह 11 बजे तक 26.33 फीसदी वोटिंग हुई, जो सबसे ज्यादा बताई जा रही है।
> संगम विहार, सीलमपुर और गोकुलपुरी में 24 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है।
प्रियंका गांधी ने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ डाला वोट
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा अपने पति रॉबर्ट वाद्रा और बेटे रेहान वाद्रा के साथ लोधी एस्टेट स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपना वोट डाला।
अरविंद केजरीवाल के पिता ने डाला वोट
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पिता गोबिंद राम केजरीवाल ने अपना वोट डाला।
'लोकतंत्र के लिए मतदान महत्वपूर्ण'-हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी मतदान किया। उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे आएं और मतदान करें, क्योंकि यह उनका अधिकार है और यह दिल्ली और लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। दिल्ली के विकास और इसे भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन बनाने के लिए वोट करें।"