पंजाब के मोहाली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां गैटोर गांव स्थित एक मोमो फैक्ट्री में अधिकारियों ने आज छापा मारा, जहां फ्रिज के अंदर कुत्ते का कटा हुआ सिर और बर्तनों में संदिग्ध मांस के टुकड़े मिले। यह घटना खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के लिहाज से बेहद गंभीर है। फैक्ट्री में गंदगी में खाने-पीने का सामान तैयार किया जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री पर छापा मारा।
बता दें कि, अधिकारियों को कुछ समय से इस फैक्ट्री के बारे में शिकायतें मिल रही थीं कि यहां खाने-पीने के सामान को गंदे और अस्वच्छ हालात में तैयार किया जा रहा है। इसके बाद स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फैक्ट्री पर छापा मारने का निर्णय लिया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के भीतर बेहद गंदगी फैली हुई थी, और खाद्य पदार्थों को तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी गंदे थे।
अधिकारियों ने जब फ्रिज की जांच की, तो अंदर एक कुत्ते का कटा हुआ सिर पाया गया। इसके अलावा, कुछ बर्तनों में मांस के टुकड़े भी मिले, जिनकी गुणवत्ता और स्रोत के बारे में अधिकारियों ने संदेह जताया है।
फैक्ट्री में पकाए जा रहे मोमों का मांस संदिग्ध था, और यह साफ तौर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करता था। अधिकारियों ने तुरंत ही कुत्ते के सिर और मांस के नमूने एकत्रित किए और उन्हें लैब भेज दिया है ताकि यह जांचा जा सके कि मांस में कोई हानिकारक तत्व तो नहीं हैं। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय जनता में आक्रोश फैल गया है और लोग मांग कर रहे हैं कि इस फैक्ट्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए।