बलूचिस्तान के बोलन जिले के पास मंगलवार को क्वेटा से पेशावर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पर BLA ने हमला कर उसे हाईजैक कर लिया। इसके बाद, पाकिस्तानी सेना ने बंधक बनाए गए यात्रियों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। खबरों के मुताबिक, अब तक बीएलए के 16 आतंकवादी मारे गए हैं और 100 से अधिक यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए हैं।
पाकिस्तान सेना और BLA के बीच संघर्ष
समा टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, रात भर बीएलए और पाकिस्तानी सेना के बीच जोरदार गोलीबारी जारी रही। इस गोलीबारी में कई यात्री घायल हो गए। रेडियो पाकिस्तान ने बताया कि सुरक्षा बलों ने 100 से ज्यादा बंधक यात्रियों को सुरक्षित किया है। इनमें 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल हैं। इस समय, बचाए गए यात्रियों की संख्या की गिनती की जा रही है।
आतंकवादी छोटे समूहों में बंटे
बताया जा रहा है कि सेना के अभियान के कारण आतंकवादी छोटे-छोटे समूहों में बंट गए हैं। घायल यात्रियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजा गया है, जो अभियान में शामिल हैं।
गृह मंत्री ने अभियान की जानकारी दी
बलूचिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने बताया कि ट्रेन को दोपहर के समय सुदूर इलाके में हाईजैक किया गया था। उन्होंने दावा किया कि सुरक्षा बलों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कुछ यात्रियों को मुक्त कर लिया गया, लेकिन अभी तक उनकी संख्या का खुलासा नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि मुक्त किए गए यात्रियों को निकटतम स्टेशन तक और फिर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
चौधरी ने यह भी बताया कि कई यात्रियों को ट्रेन से उतारकर पहाड़ी इलाके में ले जाया गया है और महिलाओं तथा बच्चों को BLA द्वारा ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।