महाराष्ट्र के नागपुर में गुड़ी पड़वा का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बच्चों ने पारंपरिक लेझीम नृत्य प्रस्तुत करते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली और लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
CM देवेंद्र फडणवीस ने दी शुभकामनाएं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "एक नया संकल्प, एक नई ऊर्जा, हिंदू नववर्ष का यह पर्व मंगलमय हो!" उन्होंने नागपुर स्थित अपने सरकारी आवास पर गुड़ी की पूजा-अर्चना कर नववर्ष का स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने किया पूजन
उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने भी अपने आवास पर परिवार के साथ गुड़ी की स्थापना की और पूजा की। सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "गुड़ी पड़वा नई ऊर्जा, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है। महाराष्ट्र के सभी नागरिकों को मराठी नववर्ष की ढेरों शुभकामनाएं!"
राष्ट्रपति ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि "सभी देशवासियों को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, उगादी, गुड़ी पड़वा, चेती चांद, नवरेह और साजीबू चेइराओबा की शुभकामनाएं। बसंत की शुरुआत होते ही ये त्योहार भारतीय नव वर्ष लेकर आते हैं। ये त्योहार हमारे देश की विविधता और संस्कृति दर्शाते हैं और सामाजिक समरसता का भाव पैदा करते हैं। इन पर्व पर हम नई फसल का जश्न मनाते हैं और प्रकृति के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं।"