मध्य प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रह चुके प्रभात झा का 67 साल में निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। वो काफी अरसे से बीमार चल रहे थे। बता दें कि, प्रभात झा मूल रुप से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे। उनके पार्थिव शव को अंतिम संस्कार करने के लिए बिहार में उनके पैतृक गांव सीतामढ़ी ले जाया जाएगा। । उन्हें विशेष विमान ने आज शाम सीतामढ़ी ले जाया जाएगा।
आपको बता दें कि, प्रभाज झा दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके है। वह बीजेपी के कई अहम पदों पर रहे थे। वो दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के प्रभारी भी रह चुके थे।
बीजेपी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर तमाम नेताओं ने शोक जताया है। पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने दुख जताते हुए लिखा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, साथी श्री प्रभात झा जी के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध और दुखी हूं। लोक कल्याण और जनता के हित के लिए उन्होंने सदैव कार्य किया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं, ॐ शांति!"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में कहा कि, "भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में उन्हें स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्य प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हमें सदैव प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, ॐ शांति!"
मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक्स पर लिखा, "भाजपा वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माको अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें, ॐ शांति!"
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक्स पर लिखा, "विनर्म श्रद्धांजलि!!! मेरे मित्र मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे वरिष्ठ नेता एवं अपने सिद्धांतों के लिए लड़ने वाले श्री प्रभात जी के निधन का समाचार अत्यंत ह्रदय विदारक है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर, दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों स्थान एवं इस दुख की घड़ी में परिवारजनों को संबल प्रदान करें, ॐ शांति!"