उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 22 मार्च 2025 (शनिवार) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड की सरकार द्वारा किए गए अहम कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के पहले उत्तराखंड में एक धर्मस्व एवं तीर्थांटन परिषद का गठन किया जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों की सुविधा में सुधार होगा। साथ ही, उन्होंने शीतकालीन यात्रा को राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण करार दिया और इसे गेमचेंजर योजना बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उनका स्पष्ट संदेश था कि जब तक अतिक्रमण खत्म नहीं होगा, यह कार्रवाई लगातार चलती रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अवैध मदरसों और कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने 'लैंड जिहाद', 'थूक जिहाद', और 'लव जिहाद' के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की बात कही। उनका कहना था कि यह अभियान किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि अराजक तत्वों के खिलाफ है।
आपको बताते चले कि सुदर्शन न्यूज़ लगातार देशभर में लैंड, थूक और लव जिहाद के खिलाफ सबुतों सहित खबरें दिखा रहा है। इन खबरों का सार्थक असर भी देखने को मिल रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने शीतकालीन यात्रा को राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे पर्यटन और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस यात्रा को बढ़ावा दिया है, और इसके चलते राज्य में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
उत्तराखंड ने देश में कई नई पहल की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने राज्य की अहम उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश देश का पहला राज्य बना जिसने 'यूनिफॉर्म सिविल कोड' (UCC) लागू किया। इसके अलावा, उत्तराखंड ने नकल विरोधी कानून बनाकर युवाओं के लिए नकल के मामले में सख्ती दिखाई, और इस कानून के प्रभाव से 20,000 से ज्यादा खाली पदों को भरा गया। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं में नई आशा का संचार कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में महिलाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इसके अलावा, सहकारिता क्षेत्र में भी महिलाओं को आरक्षण प्रदान किया गया है। उनका मानना है कि महिलाओं के योगदान से ही उत्तराखंड का दशक बनेगा। हिमालय ब्रांड के उत्पादों को अब न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी मांग मिल रही है।
विकास योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कई लंबित परियोजनाओं पर काम शुरू किया है। इनमें लखवाड़ बांध परियोजना, सौंग और जमरानी बांध परियोजनाएं शामिल हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और हेली सेवा जैसे अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं। इसके अलावा, हरिद्वार और ऋषिकेश के आसपास शारदा कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य में अपना योगदान देने के लिए निरंतर विकास की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंजिल भले ही दूर हो, लेकिन राज्य की राह सही है और उत्तराखंड इस दिशा में कदम से कदम मिलाकर बढ़ेगा।