दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि दिल्ली सरकार 24 से 26 मार्च के बीच दिल्ली का बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट 'विकसित दिल्ली' के विजन को दर्शाएगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों के सुझाव शामिल होंगे।
सभी वर्गों के सुझाव होंगे शामिल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह बजट 'विकसित दिल्ली' बजट है, जिसमें हम लोगों के सभी सुझावों को शामिल करेंगे और अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। इन वादों में महिलाओं को 2500 रुपये महीने की वित्तीय सहायता, प्रदूषण पर नियंत्रण, गरीबों को सस्ता और अच्छा खाना, बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधा, यमुना नदी की सफाई और बहुत कुछ शामिल हैं।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा किए गए सभी वादों, जैसे महिला सम्मान योजना, को बजट में शामिल किया गया है।
सीएम गुप्ता ने यह भी बताया कि 5 मार्च को दिल्ली विधानसभा में सभी महिला संगठनों को संवाद के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि वे बजट पर अपने सुझाव दे सकें। इसके अलावा, बजट पर लोगों से सुझाव लेने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर (9999962025) जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रेसवार्ता की प्रमुख बातें:
1. यह बजट 'विकसित दिल्ली' के विजन को दर्शाएगा।
2. सभी वर्गों के सुझाव लिए जाएंगे और अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं।
3. लोगों के सुझावों के लिए ईमेल और व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है।
4. 5 मार्च को मुख्यमंत्री और मंत्री महिला संगठनों और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
5. 6 मार्च को व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद होगा।
6. सभी मंत्री और विधायक जनता के बीच जाकर उनसे सुझाव लेंगे।
7. संकल्प पत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
8. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों के साथ धोखा किया और अब दिल्ली का नया अध्याय लिखा जाएगा।
9. समय कम है, लेकिन काम अधिक है, इस कारण सचिवालय शनिवार और रविवार को भी काम कर रहा है।
सुझाव देने के लिए ईमेल और व्हाट्सएप नंबर:
ईमेल आईडी: Viksitdelhibudget-2025@delhi.gov.in
व्हाट्सएप नंबर: 9999962025