दिल्ली का मुस्लिम बहुल इलाका मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र, के नामकरण की तैयारी हो रही है। चर्चाएं हैं कि इसका नाम बदलकर 'शिव विहार' या 'शिवपुरी' रखा जा सकता है। इस संबंध में दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार, 28 मार्च को एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव को सत्तारूढ़ बीजेपी के विधायक मोहन सिंह बिष्ट प्रस्तुत करेंगे।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट एक निजी सदस्य प्रस्ताव लाएंगे, जिसमें मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलने का सुझाव दिया जाएगा। प्रस्ताव में यह भी बताया जाएगा कि यह नाम परिवर्तन क्षेत्र के मतदाताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा सकता है।
जो वादा किया वो निभा रहा...
मोहन सिंह बिष्ट ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान फरवरी में इस क्षेत्र का नाम बदलने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि मुस्तफाबाद में हिंदू मतदाताओं की संख्या अधिक है, जो 'शिव विहार' या 'शिवपुरी' जैसे नाम के पक्ष में हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि बीजेपी सरकार बनती है तो इस क्षेत्र का नाम जरूर बदला जाएगा। मुस्तफाबाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली में स्थित है और यह वही क्षेत्र है जहां फरवरी 2020 में भयंकर सांप्रदायिक हिंसा हुई थी, जिसमें 50 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
मोहन सिंह बिष्ट की चुनावी जीत
मुस्तफाबाद सीट से मोहन सिंह बिष्ट ने दिल्ली दंगों के आरोपी और पूर्व आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद ताहिर हुसैन के खिलाफ चुनाव लड़ा। इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय था, लेकिन 67 वर्षीय मोहन बिष्ट ने जीत हासिल की।
BJP की दिल्ली में वापसी
मोहन सिंह बिष्ट ने 1993 में पहली बार दिल्ली विधानसभा में कदम रखा था। इस बार बीजेपी ने 70 सीटों में से 48 सीटें जीतकर दिल्ली की सत्ता पर काबिज़ हुई, जबकि आम आदमी पार्टी को महज 22 सीटों के साथ विपक्ष में बैठना पड़ा।