शिमला में आज यानी बुधवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से शहर के अधिकांश शिवालयों के कपाट दर्शनों के लिए खोल दिए थे। शिव के रुद्राभिषेक करने के लिए लोग हाथों में जल का लोटा और दूध लेकर कतारों में खड़े रहे। आठ बजे तक कालीबाड़ी मंदिर, मिडल बाजार, विकासनगर, पंथाघाटी, बड़ागांव, मल्याना, ढली और घणाहट्टी के शिव मंदिर चौंरीधार में लोगों ने कतारों में खड़े होकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए तथा पूजा अर्चना की।
सभी मंदिरों में शाम पांच बजे तक यही स्थिति बनी रही। स्थानीय व्यक्ति प्रेम और दयाराम ने बताया कि मंदिर में आए भक्तों के लिए पकौड़े तथा अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मंदिरों में दिनभर मेरा भोला है भंडारी करे नंदी की सवारी... शिव कैलाशों के वासी भजनों पर लोग नाचते रहे। शहर के मंदिरों को फूलों व बिल्व पत्रों से सजाया गया था। इसके अलावा मंदिरों के बाहर बिल्व पत्र और फल भी बेचे जा रहे थे। वहीं, राधा-कृष्ण गंज मंदिर से भगवान शिव की बारात निकाली गई। इस भव्य बारात में हजारों की संख्या में शिमला नगरवासियों तथा विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बढ-चढ़ कर भाग लिया।शिमला के लोअर बाजार में शिव भक्तों ने झांकियां निकाली, जिसमें ढोल नगाड़े के साथ नाच गाना किया गया।यह झांकी लोअर बाजार से होते हुए मिडिल बाजार, गंज बाजार राम मंदिर तक गई।
हर जगह बन रहा घोटा
शिवरात्रि पर्व पर आज शिमला के बाजारों में भोलेनाथ की पसंदीदा चीजों को बनाया जा रहा है, जिसमें घोटा, पकौड़े और विभिन्न तरह के पकवान तैयार किए जा रहे हैं। जगह-जगह लगे स्टॉल्स पर लोगों को मुफ्त में घोटा पिलाया जा रहा है।
शिव मंदिर पुजारी सुशांत ने कहा कि आज के दिन लक्ष्मी प्राप्ति के लिए गन्ने के रस से अभिषेक करना चाहिए। बुद्धि वर्धन के लिए शक्कर मिले हुए दूध से अभिषेक करें। अलग-अलग पूजा विधि से फल भी अलग मिलता है। शिव पूजा में एक आंकड़े का फूल चढ़ाना सोने के दान के बराबर फल मिलता है। शमी का पत्र शिवजी को चढ़ाना तमाम मनचाही कामनाओं को पाने का सबसे श्रेष्ठ उपाय है।
शिवरात्रि पर भक्तों ने लगाए बाजारों में स्टाल
शिवरात्रि पर्व पर शनिवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर शिव भक्तों ने अनेक तरह के स्टाल लगाए हुए थे। इन स्टालों में दुध से बनाई गई खीर, भांग का घोटा, पकौड़े, मालपूडे, छोटे पूरी, बै्रड पकौड़ा, हलवा पूरी आदि लगाया गया था। जिनका शहर के लोगों को खूब आनंद लिया। शिमला के लोअर बाजार, शेरे पंजाब, मिडल बाजार, राम बाजार, संजौली, ढली, लक्कड़बाजार आदि स्थानों पर लोगों द्वारा तरह तरह के स्टाल लगाए गए थे।
राम मंदिर में शिव ने लिए पार्वती संग सात फेरे
राम मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव विवाह का आयोजन किया गया। मंदिर में देर रात को शिव ने पार्वती संग सात फेरे लिए। इस अवसर पर शिव के गण, विष्णु, ब्रहमा आदि शामिल हुए। पार्वती को ब्याहने के लिए गंज मंदिर से शिव की बारात निकली थी। बारात में सैंकड़ो की तादाद में भक्तजन शामिल हुए थे। गंज मंदिर से निकलने के बाद बारात पहले सीटीओ चौक पहुंची, वहां से ढोल नगाड़ो व भजन कीर्तन के साथ लोअर बाजार होते हुए शेरे पंजाब तक निकली। बाराज नाज से होते हुए राम मंदिर पहुंची। बारात में देव गणों व अन्य लोगों ने नृत्य किया। राम मंदिर सूद सभा की ओर से बारात का स्वागत किया गया। वहीं राम मंदिर में शाम पांच बजे शिव विवाह का विदाई समारोह हुआ। इस अवसर पर सूद सभा शिमला की ओर से वीरवार को भण्डारे का आयोजन भी किया जा रहा है।
मल्याणा शिवपर्ण गुफा में शिवरात्रि पर्व पर जागरण व भंडारा
मल्याणा स्थित शिव पर्ण गुफा मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व भक्तों के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान यशपाल ठाकुर ने बताया कि मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही रात को शिव जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को परिसर में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर में वर्ष 2004 से इस प्रकार का आयोजन होता आ रहा है।
महाशिवरात्रि पर नोफल संस्था ने कैंसर पीड़ितों को बांटी जलेबी
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नोफल संस्था ने कैंसर अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों को दूध जलेबी और खीर का लंगर वितरित किया। इस अवसर पर संस्था की महामंत्री पूनम नेगी और अन्य सदस्य मौजूद थे। नोफल संस्था ने महाशिवरात्रि के पर्व को एक अनोखे और सामाजिक तरीके से मनाया।