इनपुट- शैलेश कुमार शुक्ला, लखनऊ
11 फरवरी को यूपी कैबिनेट रामलला के दरबार में पहुंचेगी। इस दौरान विधानमंडल के सभी सदस्यों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 10 सुपर लग्जरी बसों से ले जाया जाएगा। इनकी अयोध्या धाम यात्रा विधान भवन लखनऊ से शुरू होगी।
11 फरवरी को सरकार के सभी विधायकों का आना प्रस्तावित है। रोडवेज विभाग के शेड्यूल के अनुसार, बसों का काफिला सुबह 8:30 बजे लखनऊ से अयोध्या धाम के लिए निकलेगा। 11 फरवरी को जिन सदस्यों को अयोध्या जाना है, उनको अयोध्या को जाने के लिए बसें विधान भवन के गेट संख्या-1 व 3 के सुबह 8:15 बजे मिलेगी रहेंगी। यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अयोध्या धाम के दर्शन कराने वाली इन बसों की बाहरी व आंतरिक सफाई बेहतर रहनी चाहिए, पर्दे लगे होने चाहिए।
बसों में सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन यंत्र अवश्य रहे। साथ ही फर्स्ट एड किट उपलब्ध रहे। साथ ही बसों में रामधुन भी अवश्य बजे इसके लिए भी विशेष निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर का व्यवहार कुशल हों इसके साथ ही वर्दी में नेम प्लेट जरूर लगा होगा। दो से तीन बजे तक लंच का समय होगा। सवा तीन बजे बसों का काफिला फिर लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगा। इस तरह से योगी सरकार राम मंदिर और हनुमान गढ़ी में करीब पौने चार घंटे रहेगी।
अयोध्या के लिए यह दूसरा मौका होगा जब पूरी प्रदेश सरकार यहां होगी। बीते नौ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरी कैबिनेट यहां थी। इस बार कैबिनेट की बैठक नहीं होगी, लेकिन यात्रा में विधायकगण भी शामिल होंगे। उधर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि मंडलों का आना भी आरंभ हो चुका है। सूरीनाम के संसदीय दल और फिजी के उप प्रधानमंत्री बिमान प्रसाद भी रामलला का दर्शन कर चुके हैं।