टाटा संस के मानद चेयरमैन और भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार को देर रात मुंबई एक अस्पताल में निधन हो गया है। उन्होंने बुधवार रात करीब 11.30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन पर देशभर में शोक की लहर है। रतन टाटा ने बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स हॉल में रखा जाएगा। दोपहर 3.30 बजे तक लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
बता दें कि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। वहीं, रतन टाटा के निधन की खबर खुद उनके परिवार के तरफ से दी गई है। उनके परिवार ने बयान जारी करते हुए कहा, "हम उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।"
गृह मंत्री अमित शाह ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी है। शाह के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।
मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे
देश के दिग्गज बिजनेसमैन मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ रतन टाटा के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी है।