पहलगाम में कायराना आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की ठान ली है। पाकिस्तान की नापाक हरकतों का जवाब देने के लिए भारतीय नौसेना ने समुद्र से अपना दमखम दिखाना शुरू कर दिया है। नौसेना ने अरब सागर में दुश्मनों के जहाजों को नेस्तनाबूद करने के लिए जबरदस्त फायरिंग अभ्यास कर दुनिया को चेतावनी दे दी है। रविवार (27 अप्रैल 2025) को भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी तक सटीक हमले करने वाली जहाज-रोधी मिसाइलों का सफल परीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का मकसद नौसेना के प्लेटफॉर्म, हथियार प्रणालियों और जांबाज सैनिकों की युद्ध तैयारी को परखना और दुनिया को दिखाना था कि हिंदुस्तान किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गर्जना करते हुए कहा, "भारतीय नौसेना किसी भी क्षण, किसी भी मोर्चे पर, देश के समुद्री हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है।" दरअसल, पाकिस्तान को अब भारत के एक्शन का डर सताने लगा है। पाक सेना ने अरब सागर के बड़े हिस्से को 'नो-फ्लाई जोन' घोषित कर दिया है और अपने जहाजों को सतर्क कर दिया है। पाकिस्तानी नौसेना को समुद्र में गश्त बढ़ाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भारतीय नौसेना का दमदार प्रदर्शन
भारतीय नौसेना ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर युद्धाभ्यास के धमाकेदार वीडियो भी साझा किए हैं, जो पाकिस्तान को नींद उड़ाने के लिए काफी हैं। समुद्र की लहरों को चीरती मिसाइलें और दुश्मन के जहाजों का चूर-चूर होता मंजर हिंदुस्तान की शक्ति का स्पष्ट संदेश है- अगर दुश्मन ने नापाक नजर उठाई, तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
PM मोदी का साफ संदेश- दोषियों को मिलेगा करारा जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दो टूक कह दिया है कि पहलगाम हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। देशवासियों को भरोसा दिलाया गया है कि हर एक कतरे का हिसाब लिया जाएगा और आतंक की फैक्ट्री चलाने वाले पाकिस्तान को उसकी हरकतों का कड़ा जवाब मिलेगा।