रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता के किरदार ने हर भारतीय के दिल पर गहरी छाप छोड़ी थी। दीपिका चिखलिया, जिन्होंने सीता का किरदार निभाया, को दर्शकों ने सच में 'मां सीता' समझ लिया था। जहां भी वो जातीं, लोग उनके पैर छूने लगते थे। आज हम आपको बताएंगे कि दीपिका को ये मशहूर भूमिका कैसे मिली।
दीपिका चिखलिया ने कई बार अपने इंटरव्यूज में यह बात बताई है कि उन्हें ‘रामायण’ का रोल कैसे मिला। एक बार दीपिका ने खुद इस बारे में खुलासा किया और बताया कि, "रामायण से पहले भी मैं सागर आर्ट्स के साथ काम कर चुकी थी, और उस समय मेरी उम्र केवल 18 साल थी।" दीपिका ने यह भी कहा कि, "रामायण के लिए स्क्रीन टेस्ट हो रहे थे, तब हरी भाई ने मुझसे स्क्रीन टेस्ट देने के लिए कहा। मैंने कहा, 'मैं पहले ही इनके साथ काम कर चुकी हूं, तो फिर क्यों स्क्रीन टेस्ट दूं?'"
दीपिका ने बताया कि इसके बाद रामानंद सागर ने उन्हें स्क्रीन टेस्ट देने के लिए खुद कहा। दीपिका ने तीन-चार स्क्रीन टेस्ट दिए, और अंततः उन्हें सीता के रोल के लिए चुन लिया गया। दीपिका ने यह भी बताया कि रामानंद सागर पहले से जानते थे कि वह इस रोल के लिए परफेक्ट हैं, फिर भी उन्होंने स्क्रीन टेस्ट लिया, क्योंकि वह हर चीज में परफेक्शन चाहते थे।
रामायण के प्रसारण के बाद, लोग अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को सचमुच भगवान मानने लगे थे। उनकी जोड़ी ने छोटे पर्दे पर एक ऐसी छाप छोड़ी जो आज भी याद की जाती है।
रामायण के अलावा, दीपिका चिखलिया ने कई हिट टीवी शोज और फिल्मों में भी काम किया है। उनकी पहली फिल्म 'सुन मेरी लैला' थी। वर्तमान में दीपिका चिखलिया सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय हैं, और अपने फैंस के साथ अपनी जीवन की हर नई अपडेट साझा करती हैं।