बिहार दिवस को लेकर आज पटना में कई सांस्कृतिक समारोह की शुरूआत हो रही है। आयोजन को लेकर गांधी मैदान पूरी तरह से सज-धजकर तैयार है। बिहार दिवस का इस साल का थीम "उन्नत बिहार-विकसित बिहार" रखा गया है और यह आयोजन 26 मार्च 2025 तक चलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इस भव्य आयोजन का उद्घाटन करेंगे।
बिहार दिवस को लेकर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी बड़े पैमाने पर किया गया है। श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, गांधी मैदान, रवींद्र भवन और प्रेमचंद रंगशाला में विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। प्रेमचंद रंगशाला में विशेष महिला थीम पर आधारित नाट्य उत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी पात्र महिलाएं होंगी। इसके साथ ही, नुक्कड़-नाटक का भी मंचन किया जाएगा।
कला और संस्कृति का प्रदर्शन
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग गांधी मैदान में एक विशेष स्टॉल लगाएगा, जहां विभाग की उपलब्धियां, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, दिव्यांग बच्चों के लिए पेंटिंग कार्यशाला भी आयोजित होगी, जिसमें पटना के विभिन्न विद्यालयों के छात्र भाग लेंगे।
वहीं, लोगों को विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा नुक्कड़-नाटक का आयोजन भी किया जाएगा, जो इस आयोजन का अहम हिस्सा होगा।
CM नीतीश कुमार ने दी राज्यवासियों को बधाई
इसी बीच बिहार दिवस को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों को बधाई दी है। सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि, "बिहार_दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।"
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिहार दिवस की शुभकामनाएं दी है। शाह ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि, "सभी बिहारवासियों को 'बिहार दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएँ। ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि बिहार ने हमेशा देश को नेतृत्व और नई ऊर्जा प्रदान की है। इतिहास के गौरवशाली अध्यायों से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक, बिहार ने हर क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में NDA सरकार बिहार को प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशवासियों की सुख, शांति और उन्नति की कामना करता हूँ।"
इनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बिहार दिवस की बधाई दी है। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि, "समृद्ध इतिहास, आध्यात्मिकता व क्रांति की पुण्यभूमि, महान तपस्वियों और महापुरुषों की जन्मस्थली बिहार राज्य के स्थापना दिवस की समस्त बिहार वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! माता सीता व प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि यह राज्य सतत विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करता रहे।"