बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को प्रगति यात्रा के तहत बांका जिले का दौरा किया और यहां विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम नीतीश ने 362 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात बांका जिले को दी। सबसे पहले उन्होंने रजौन प्रखंड के बाबरचक में बने स्मार्ट विलेज का उद्घाटन किया। इसके बाद, सीएम ने 178 योजनाओं का लोकार्पण किया।
बता दें कि स्मार्ट विलेज परियोजना के तहत, सीएम नीतीश कुमार ने रजौन प्रखंड के नवादा खरौनी पंचायत स्थित बाबरचक गांव का दौरा किया। यहां पर स्मार्ट गांव के रूप में उन्नति ग्राम का निर्माण किया गया है, जिसमें 165 परिवारों के लिए आवास बनाए गए हैं। इनमें से 47 परिवारों ने यहां शिफ्ट किया है, और शेष परिवारों के लिए भी आवास की प्रक्रिया जारी है। सीएम ने इस स्मार्ट विलेज में बच्चों के साथ संवाद किया और नवसृजित विद्यालय का भी दौरा किया, जहां बच्चों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्मार्ट विलेज में जलजीवन हरियाली के तहत एक तालाब का निर्माण भी किया गया है, जिसे सीएम ने व्यक्तिगत रूप से देखा। तालाब के किनारे मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया और पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संकेत दिया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उन्नति ग्राम से जुड़े विस्तृत मैप भी दिखाए, जिसमें परियोजना की पूरी जानकारी साझा की गई। सीएम ने अधिकारियों से ग्रामवासियों की सुविधा के लिए बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इसके अलावा, सीएम ने ओढ़नी डैम के रिसॉर्ट का भी अवलोकन किया, जो पर्यटन और अन्य गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल बनेगा। इस रिसॉर्ट के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया जाएगा।