उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक महिला सरकारी अधिकारी से ऑफिस में घुस कर अभद्रता की गई है। अभद्रता का आरोप नाज़िम सैफी नाम के एक युवक पर लगा है। नाज़िम समाजवादी पार्टी का नेता है और संभल सांसद जियाउर रहमान बर्क का करीबी माना जाता है। नाज़िम की करतूत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ FIR दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी है। FIR में 2 अन्य लोग अज्ञात में दर्ज हैं। घटना गुरुवार (20 मार्च 2025) की है।
यह मामला मुरादाबाद जिले के थानाक्षेत्र बिलारी का है। शुक्रवार (21 मार्च) को यहाँ सप्लाई इंस्पेक्टर विशाखा सिंह ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक एक दिन पहले गुरुवार को वो अपने कार्यालय में कुछ जरूरी सरकारी काम निबटा रहीं थीं। तभी ऑफिस में नाज़िम सैफी नाम का युवक 2 अन्य अज्ञात लोगों के साथ आ धमका। वह विशाखा सिंह ने अपने राशन कार्ड आदि के बारे में सवाल करने लगा। जवाब में महिला अधिकारी द्वारा नाज़िम से संबंधित कागजात दिखाने को कहा गया।
कागज माँगे जाने पर नाज़िम सैफी भड़क उठा। वह महिला अधिकारी से अभद्रता पर उतारू हो गया। नाज़िम और उसके साथ आए दोनों अज्ञात जोर-जोर से ऑफिस में ही चिल्लाने लगे। उन्होंने विशाखा सिंह का पद पूछा। बताने पर तीनों ने बदतमीजी दिखाई। रोके जाने पर नाज़िम ने ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों से भी बदतमीजी दिखाई। उसने सभी को गंदी-गंदी गालियाँ दीं और धमकाया।
सुदर्शन न्यूज़ के पास वह वीडियो मौजूद है जिसमें नाज़िम सैफी महिला अधिकारी व अन्य कर्मचारियों पर जोर-जोर से चिल्ला रहा है। वायरल वीडियो में वह कान में फोन लगा कर किसी को ऑफिस बुला रहा था। सपा नेता बार-बार विशाखा सिंह से निबटने का भी धौंस दे रहा था। वह कर्मचरियों का दिमाग ठिकाने लगाने का भी एलान खुलेआम कर रहा था। हरे रंग का गमछा गले में लपेटे नाज़िम के बगल एक नमाज़ी टोपी पहने अन्य व्यक्ति भी वीडियो में दिखाई पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में नाज़िम ने 100-150 लोगों के जुटने जैसे धमकी दी। वह ऑफिस में मौजूद सभी लोगों से निबटने का एलान कर रहा था। विशाखा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नाज़िम सैफी को नामजद करते हुए 2 अन्य अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221 और 352 के तहत दर्ज हुई है। पुलिस मामले में जाँच व अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बताते चलें कि नाज़िम सैफी खुद को समाजवादी पार्टी का समर्थक बताता है। संभल के विवादित सांसद जियाउर रहमान के साथ उसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। सुदर्शन न्यूज़ के पास FIR कॉपी मौजूद है।