बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई एक दुखद घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं।
मृतकों के परिवारों के लिए CM ने किया ऐलान
सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के मृतकों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, उन्होंने घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में मृतकों के परिवारों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
रेलवे ने मुआवजे का ऐलान किया
भारतीय रेलवे ने भी इस घटना में मारे गए यात्रियों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2.5 लाख रुपये, जबकि मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
बिहार के 9 लोग इस हादसे में मारे गए
इस दुखद घटना में बिहार के 9 लोगों की जान गई है। घटनास्थल पर मौजूद एक कुली ने बताया कि वह 1981 से यहां काम कर रहा है, लेकिन शनिवार को जितनी भीड़ थी, उसने इतनी भारी भीड़ पहले कभी नहीं देखी थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए भगदड़ हादसे में लोगों की जान जाने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई इस भगदड़ में लोगों की मौत के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के कारण हुई इस घटना से मैं अत्यधिक व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों और सभी प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जा रही है।"
जबकी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं प्रकट की। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से मुझे गहरी निराशा हुई है। इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"