उत्तराखंड के रुद्रपुर में लैंड जिहाद का मामला सामने आया है। यहां के इंदिरा चौक पर स्थित एक अवैध मजार को सोमवार (21 अप्रैल 2025) की सुबह प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मिलकर हटाया। इस कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को विधिवत नोटिस जारी किया गया था। यह घटना 21 अप्रैल 2025 की है।
यह मामला रुद्रपुर जिले के इंदिरा चौक की है, जहां इस अवैध मजार को लेकर पहले से ही सर्वे किया जा चुका था। रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि एक ही नाम से कई स्थानों पर ऐसी मजारें बनी हुई हैं, जो कि वैध नहीं हैं। इंदिरा चौक की मजार राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार में बाधा बन रही थी, जिस कारण इसे हटाने की प्रक्रिया बीते कुछ दिनों से चल रही थी।
प्रशासनिक अमले ने सोमवार (21 अप्रैल 2025) की सुबह-सुबह तड़के यह अभियान शुरू किया। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद कर, जेसीबी मशीनों की मदद से काम को पूरा किया गया। केवल आधे घंटे में मजार को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
बता दें कि, यह चौराहा खटीमा, पानीपत, दिल्ली और अल्मोड़ा को जोड़ता है, इसलिए यहां ट्रैफिक का दबाव हमेशा अधिक रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए चौराहे को छह लेन में विस्तारित किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में जाम की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।
अब तक हटाई जा चुकी हैं 534 अवैध संरचनाएं
इस मामले को लेकर एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं ने सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं की जानकारी दी थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अब तक कुल 534 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं।