इनपुट- रजत के. मिश्र, लखनऊ, twitter- rajatkmishra1
उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। जिससे उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी ज्यादा होने की वजह से घटना हुई है। नशे की हालत में तेज गति से कार ड्राइव करने से चालक सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया हादसा इतना दर्दनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जब लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर 8 लोग फंसे हुए थे जब कार को काट कर उन्हें बाहर निकाला गया तो 6 की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और 2 गंभीर रूप से घायल थे। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पहले जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टर द्वारा 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस ले जाया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार में एक आधार कार्ड मिला है, जिस पर भीम लक्ष्मण यादव( 23) पता श्रीनगर वर्ली पाडा वागले इस्टेट, वेस्ट ठाणे महाराष्ट्र लिखा है। हादसे वाली गाड़ी ओमप्रकाश मद्धेशिया के नाम पंजीकृत है। बताया जा रहा है कि सभी के मोबाइल भी लॉक थे। जिससे इनके घर वालों के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही थी।