उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी शुक्रवार को महराजगंज में एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने 940 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 505 विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जो जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
सीएम योगी ने महराजगंज को दी 940 करोड़ की सौगात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर कार्य कर रही है, विकास और रोजगार के अवसर खोलने के अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इसमें केवल सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि हमारे स्थानीय निकाय की समितियों का, ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों की क्या भूमिका इसमें हो सकती है यह आज हम सबके लिए एक विचारनीय प्रश्न होना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा, आज का दिन महराजगंज के लिए ऐतिहासिक है। हमारी सरकार ने हर गांव और शहर के विकास को प्राथमिकता दी है। यह विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की दिशा में एक कदम और है। उन्होंने कहा कि भारत अब पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है और यहां के विकास कार्य इसका प्रमाण हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने महराजगंज में सिंचाई, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विकास को केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज के सभी वर्गों के लिए अवसर पैदा करने का भी प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस तरह की और परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकें। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भी भारी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने मुख्यमंत्री की योजनाओं का समर्थन किया।