बिहार के मुंगेर में एएसआई संतोष कुमार की हत्या में मुख्य आरोपी रणवीर यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस बीच आरोपी ने पुलिस जवान की रायफल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, हालांकि, पुलिस को उस पर गोली चलानी पड़ी। जिसके बाद आरोपी के पैर में गोली लगी है। बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने इस घटना की पुष्टि की है।
पुलिस टीम की छापेमारी के दौरान हुई मुठभेड़
मुंगेर एसपी के अनुसार, पुलिस टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गई थी। पुलिस ने एएसआई संतोष कुमार की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी रणवीर उर्फ गुड्डू यादव को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस उसे थाने ले जा रही थी, तभी पुलिस टीम की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। एसपी के मुताबिक, अपराधी गुड्डू यादव उसी गाड़ी में मौजूद था। एक्सीडेंट होते ही उसने एक पुलिस जवान की रायफल छीन ली और भागने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी को भागने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसे रोकने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। गोली आरोपी के पैर में लगी। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि घायल आरोपी गुड्डू यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, एएसआई संतोष कुमार की हत्या करने वाले आरोपियों में अब तक मुख्य आरोपी रणवीर यादव सहित उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है।