सुदर्शन के राष्ट्रवादी पत्रकारिता को सहयोग करे

Donation

RSS Meeting: संघ की बैठक का समापन, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने प्रशिक्षण से लेकर सामुदायिक सेवा तक की जानकारी दी

RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक समाप्त, चरित्र निर्माण और सामुदायिक जुड़ाव पर दिया जोर।

Ravi Rohan
  • Oct 26 2024 8:13PM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की दो दिवसीय बैठक आज मथुरा के गऊ ग्राम, परख में समाप्त हुई। बैठक के समापन पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने मीडिया से बातचीत की, जिसमें उन्होंने संघ के व्यक्तित्व विकास के निरंतर कार्य पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि, RSS शाखा में आने वाले व हर समूह के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होता है, इस वर्ष कार्यकारी मंडल बैठक से पूर्व दो दिन का प्रांत टोली का प्रशिक्षण वर्ग हुआ। साथ ही वर्तमान संदर्भ और संघ से जुड़े विविध आयामों के कार्य विस्तार पर भी चर्चा हुई है। बैठक में आने वाले दिनों में हमें क्या-क्या करना है, नये विचार कैसे जुड़ेंगे, समाज के नये व्यक्तियों को कैसे जोड़ना है, विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को जोड़ना और जुड़े हुए बंधुओं से कार्य विस्तार कैसे हो, इसकी भी चर्चा बैठक में हुई है।

सरकार्यवाह जी ने बताया कि कार्यकारी मंडल की बैठक में इस वर्ष मार्च में सम्पन्न हुई प्रतिनिधि सभा की समीक्षा की गयी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इस वर्ष अपने 99 वर्ष पूर्ण करते हुए शताब्दी वर्ष में प्रवेश किया है। आगामी विजयादशमी पर कैसे कार्यक्रम करने हैं, इस पर विचार किया है। स्वयंसेवक पंच परिवर्तन (स्व आधारित जीवन शैली, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण और नागरिक कर्तव्य) के विषयों को लेकर समाज के बीच जाएंगे। समाज में परिवर्तन कैसे होगा, इसकी चिंता स्वयं करनी है।

उन्होंने बताया कि, संघ के कार्य का सबसे पहला स्तर शाखा है। वर्तमान में, देश भर में 45,411 स्थानों पर 72,354 शाखाएँ संचालित की जा रही हैं। पिछले वर्ष की तुलना में 3,626 नए स्थानों पर शाखाएँ खुली हैं और 6,645 शाखाएँ स्थापित हुई हैं। इसके अलावा, साप्ताहिक मिलनों की संख्या 29,369 रही, जिसमें 3,147 की वार्षिक वृद्धि हुई है। जहाँ शाखाएँ नहीं हैं, वहाँ मासिक संघ मंडल का कार्य चल रहा है। इस वर्ष, संघ मंडल 11,382 स्थानों पर सक्रिय है, जो पिछले साल की तुलना में 750 स्थानों की वृद्धि दर्शाता है। इस प्रकार, संघ का कार्य अब कुल 1,13,105 इकाइयों के रूप में विस्तारित हो चुका है। अगले वर्ष, प्रतिनिधि सभा की बैठक बेंगलूरू में आयोजित की जाएगी, और उस समय तक कार्य विस्तार जारी रहेगा।

उन्होंने कहा संघ कार्यकर्ताओं के चरित्र निर्माण का कार्य करता है। चरित्र निर्माण की यह पद्धति केवल चर्चाओं में नहीं वरन् आचरण में दृष्टिगोचर होनी चाहिए और विगत वर्षो से समाज को इसका अनुभव भी हो रहा है। देश में आपदा के समय स्वयंसेवक मोर्चा संभालते हैं। इस वर्ष भी पश्चिम बंगाल में तारकेश्वरी नदी में आयी बाढ़ में 25,000 परिवारों की स्वयंसेवकों ने राहत शिविरों में सेवा की। उड़ीसा बाढ़ के दौरान 4 हजार परिवारों को स्वास्थ्य और भोजन आदि सहायता पहुंचायी। जुलाई में वायनाड़ और कर्नाटक में भूस्खलन में एक-एक हजार स्वयंसेवक लगे और सहायता कार्य किए। बड़ोदरा, जामनगर, द्वारका बाढ़ में भी स्वयंसेवकों ने भोजन आदि की व्यवस्था की। साथ ही आपदा में 600 मृतकों का अंतिम संस्कार भी कराया, केवल हिन्दू ही नहीं, बल्कि विभिन्न समुदायों के मृतकों का उनकी परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार कराया।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने कहा कि ‘स्व’ का कार्य मिट्टी की सुगंध का कार्य है। महात्मा गांधी ने भी बोला था स्वराज्य। ‘स्व’ का अर्थ ‘स्वाधीनता’, राष्ट्रीय स्वत्व है। यहां की अपनी परम्परा, अपनी सभ्यता, इसके अनुभवों के साथ आचरण करना है, आधुनिकता का पालन करना है, आधुनिकता में भी ‘स्व’ को नहीं भूलना है। उन्होंने कहा पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर की जयंती का यह 300वां वर्ष है। सामाजिक जाग्रति, मंदिरों का जीर्णोद्धार, कुशलतापूर्वक शासन करना यह दर्शाता है कि 300 वर्ष पूर्व भी मातृशक्ति जनता के लिए और जनकार्य के लिए शासन चलाने में सक्षम थी।

सरकार्यवाह जी ने कहा कि ड्रग के प्रति आकर्षण नहीं होना चाहिए। संघ का आग्रह संस्कार, समरसता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर है। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सभी इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर जो कुछ दिखाया जा रहा है, उसमें से बहुत कुछ सामाजिक नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता होनी चाहिए, पर इस पर एक नियामक भी बनाने की जरूरत है। सरकार तो इस ओर ध्यान देगी ही, समाज को भी संस्कारों में वृद्धि करके इस ओर ध्यान देना चाहिए। वहीं हाल ही में बांग्लादेश घटनाक्रम पर उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को वहां से पलायन करने की जरूरत नहीं है। वे वहीं डटे रहें, वह उनकी भूमि है, बांग्लादेश में हमारे शक्तिपीठ हैं। 

उन्होंने कहा कि विश्वभर में हिन्दू रहते हैं। जहां भी संकट आता है, हिन्दू भारत की ओर देखता है। वक्फ बोर्ड पर उन्होंने कहा कि जेपीसी जो भी निर्णय लेगी, आगे सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्य करेगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि विषय पर कहा कि कहा कि मामला न्यायालय में है, न्यायालय निर्णय लेगा। अयोध्या की तरह इस पर कुछ करने की जरूरत नहीं है, समाज तय करेगा। हम समाज के साथ हैं।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर और प्रदीप जोशी उपस्थित रहे। 

सहयोग करें

हम देशहित के मुद्दों को आप लोगों के सामने मजबूती से रखते हैं। जिसके कारण विरोधी और देश द्रोही ताकत हमें और हमारे संस्थान को आर्थिक हानी पहुँचाने में लगे रहते हैं। देश विरोधी ताकतों से लड़ने के लिए हमारे हाथ को मजबूत करें। ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहयोग करें।
Pay

ताज़ा खबरों की अपडेट अपने मोबाइल पर पाने के लिए डाउनलोड करे सुदर्शन न्यूज़ का मोबाइल एप्प

Comments

ताजा समाचार