दिल्ली के महरौली में आज यानी मंगलवार की सुबह एक क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी हुई। इस एनकाउंटर के दौरान कुल पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें तीन गोलियां बदमाशों की तरफ से और दो गोलियां पुलिस की ओर से चलाई गईं।
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात ऑटो लिफ्टर सलमान को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके साथ ही उसके तीन अन्य साथियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुठभेड़ में कोई घायल नहीं हुआ है।
ख्याला इलाके में इससे पहले भी एक मुठभेड़ की घटना सामने आई थी। 21 सितंबर को हुए इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को पुलिस ने पकड़ा था, जिनके पैरों में गोली लगी थी। दोनों अपराधियों ने चाकू की नोक पर दो महिलाओं से लूट की थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मिला था। पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर गुप्त रूप से निगरानी शुरू की और अंततः पंजाबी बाग क्षेत्र में दोनों अपराधियों को ढूंढ निकाला।
जब पुलिस ने उन्हें रुकने का आदेश दिया तो अपराधियों ने गोलीबारी कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधी घायल हो गए और बाद में अस्पताल में भर्ती करवाए गए। इनकी पहचान विकास और रमेश के रूप में हुई, जिनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरी ओर, ग्रेटर नोएडा में भी एक मुठभेड़ की घटना हाल ही में सामने आई, जब एक आरोपी ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण करने का प्रयास किया। लड़की ने अपनी जान बचाने के लिए बाइक से कूदकर भागने की कोशिश की। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और जलालपुर बॉर्डर के पास उसे पकड़ने की कोशिश की। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया।